हस्ताक्षर बदलो अभियान
यदि आप हिन्दी और हिन्दुस्तान से प्रेम करते हैं तो एक छोटा–सा परिवर्तन अपने जीवन में करें। यदि आप लोग बैंक से लेकर अन्य सरकारी कामकाज में अंग्रेज़ी में हस्ताक्षर करते हैं तो आपसे आग्रह है कि आप हिन्दी में हस्ताक्षर करना आरम्भ कीजिए। यकीन मानिए आपकी एक आदत बदलने से हमारी मातृभाषा हिन्दी, राष्ट्र भाषा के गौरव को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ेगी, क्योंकि इसके माध्यम से हिन्दीप्रेमियों की फ़ौज तैयार होगी और स्वभाषा से प्रेम भी प्रदर्शित होगा, साथ ही, स्वभाषा और हिन्दी को महत्त्व मिलेगा। ‘एक क़दम इंडिया से भारत की ओर’ के अंतर्गत हस्ताक्षर बदलो अभियान में आपकी सहभागिता सुनिश्चित करेगी।
हस्ताक्षर हमारे जीवन की सबसे छोटी इकाई है, और यदि व्यक्ति अपनी स्वभाषा से प्रेम प्रदर्शित करना चाहता है, अथवा अपनी भाषा को अंगीकार करना चाहता है तो इस छोटे से परिवर्तन से आरम्भ हो सकता है। अपने हस्ताक्षर को स्वभाषा में करने से भाषा की मज़बूती की दिशा में पहला पायदान व्यक्ति के द्वारा चढ़ा जाएगा। वर्तमान में लगभग 35 लाख से अधिक लोगों द्वारा मय प्रतिज्ञा पत्र के द्वारा हिन्दी में हस्ताक्षर करने की प्रतिज्ञा ली गई है।