प्रशिक्षण

हिन्दीग्राम : भाषा, साहित्य और रोज़गार को जोड़ता एक सशक्त प्रशिक्षण अभियान

हिन्दी भाषा को केवल अध्ययन का विषय न मानकर आजीविका, अभिव्यक्ति और व्यक्तित्व विकास का माध्यम बनाने की दिशा में “हिन्दीग्राम” एक उल्लेखनीय पहल के रूप में निरंतर कार्यरत है। मातृभाषा उन्नयन संस्थान द्वारा संचालित यह प्रकल्प देशभर के विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में प्रशिक्षण, कार्यशालाओं और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को हिन्दी की नई संभावनाओं से परिचित करा रहा है।

हिन्दीग्राम के अंतर्गत विद्यार्थियों को हिन्दी साहित्य की विभिन्न विधाओं, पत्रकारिता, कंटेंट लेखन, अनुवाद, संपादन, डिजिटल मीडिया, कविता लेखन और ‘कविता से कमाई’ जैसे विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य यह बताना है कि हिन्दी केवल पाठ्यक्रम की भाषा नहीं, बल्कि रोज़गार और स्वरोज़गार का प्रभावी साधन भी है।
अब तक इंदौर, महू सहित देश के अनेक शहरों में इस अभियान के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। माता जीजाबाई शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, तुलनात्मक भाषा अध्ययन शाला तथा भेरूलाल पाटीदार गवर्नमेंट पी.जी. कॉलेज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में आयोजित कार्यशालाओं में सैंकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर लाभ प्राप्त किया है।
इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विशेषता यह है कि इनमें भाषा को सीधे करियर और कौशल विकास से जोड़ा जाता है। विद्यार्थियों को लेखन, वक्तृत्व, समाचार निर्माण, मंच संचालन और डिजिटल अभिव्यक्ति जैसे व्यावहारिक कौशल सिखाए जाते हैं, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य की दिशा तय कर सकें।
हिन्दीग्राम की उपयोगिता को देखते हुए अनेक विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों ने संस्थान के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए हैं। इन समझौतों के माध्यम से प्रशिक्षण, साहित्यिक गतिविधियाँ, शैक्षणिक सहयोग, कार्यशालाएँ और विशेष कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं।
हिन्दीग्राम आज एक ऐसे आंदोलन का रूप ले चुका है, जो हिन्दी को सम्मान, ज्ञान और रोज़गार से जोड़ते हुए नई पीढ़ी को यह विश्वास दिला रहा है कि अपनी भाषा में भी उज्ज्वल भविष्य का निर्माण पूरी तरह संभव है।